
15 राज्यों के समाजसेवियों को ‘हिन्दुस्तान यूथ आइकॉन अवार्ड’ से सम्मानित
सहारनपुर। यूथ एवरेस्ट फाउंडेशन के 5वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित भव्य सम्मान समारोह में देश के 15 राज्यों से समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले युवक-युवतियों को ‘हिन्दुस्तान यूथ आइकॉन अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। समारोह में सामाजिक सरोकार, युवा नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनीश कुमार ने कहा कि समाज सेवा केवल एक दायित्व नहीं, बल्कि मानवता की सच्ची सेवा का माध्यम है। उन्होंने कहा कि यूथ एवरेस्ट फाउंडेशन शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, रक्तदान, युवा सशक्तिकरण और जरूरतमंदों की सहायता जैसे क्षेत्रों में लगातार कार्य कर रहा है। संस्था का उद्देश्य समाज के लिए निस्वार्थ भाव से कार्य करने वाले युवाओं की पहचान कर उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित करना और उनके कार्यों को नई पहचान दिलाना है।
फाउंडेशन की राष्ट्रीय सचिव शिवानी गर्ग ने कहा कि आज का युवा यदि सकारात्मक सोच और सेवा भावना के साथ आगे बढ़े तो समाज में बड़ा परिवर्तन संभव है। उन्होंने कहा कि संस्था ऐसे युवाओं को एक सशक्त मंच उपलब्ध करा रही है, जो बिना किसी स्वार्थ के समाज हित में कार्य कर रहे हैं। ऐसे आयोजनों से युवाओं का मनोबल बढ़ता है और समाज सेवा की भावना को नई दिशा मिलती है।
