*फतेहपुर पुलिस की बड़ी कामयाबी, कार चोरी और ट्यूबवेल चोरी का खुलासा, दो शातिर चोर गिरफ्तार**चोरी की स्विफ्ट डिजायर कार, 1.5 किलो तांबा बरामद, कई वारदातों का किया खुलासा, तीसरे आरोपी की तलाश जारी*
छुटमलपुर/सहारनपुर

-
👉👉थाना फतेहपुर पुलिस ने लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं के बीच बड़ी सफलता हासिल करते हुए कार चोरी और ट्यूबवेल से तांबा चोरी के दो मामलों का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की गई स्विफ्ट डिजायर कार तथा करीब 1.5 किलोग्राम जला हुआ तांबा बरामद किया है। पूछताछ में आरोपियों ने कई अन्य चोरी की घटनाओं का भी खुलासा किया है। तेजतर्रार थाना प्रभारी निरीक्षक वीरेन्द्र सिंह राणा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर जीवाला कट के पास से बिट्टू उर्फ माज (23 वर्ष) निवासी ग्राम कुलहाल, थाना विकासनगर, जनपद देहरादून तथा लड्डू उर्फ साहिल (20 वर्ष) निवासी ग्राम सरदाहेड़ी, थाना फतेहपुर को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चोरी की स्विफ्ट डिजायर कार और 1.5 किलोग्राम तांबा बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, 19 जुलाई को ग्राम सरदाहेड़ी निवासी तसलीम ने अपने घर के बाहर खड़ी स्विफ्ट डिजायर कार चोरी होने की रिपोर्ट थाना फतेहपुर में दर्ज कराई थी। घटना के खुलासे के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि चोरी की कार को बेचने की तैयारी की जा रही है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दोनों आरोपियों को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने अपने फरार साथी साबिर के साथ मिलकर 18 जुलाई की रात घर के गेट का ताला काटकर कार चोरी की थी। चोरी के बाद कार को एक बाग में छिपा दिया गया था। शुक्रवार को वे कार बेचने के लिए जा रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने जब कार की तलाशी ली तो पिछली सीट पर रखे एक बैग से करीब डेढ़ किलोग्राम जला हुआ तांबा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि 27 जून की रात ग्राम बिशनपुर के जंगल स्थित कई ट्यूबवेलों के स्टार्टर और केबल चोरी कर तारों को जलाया था तथा उनमें से तांबा निकाल लिया था। बरामद तांबा उसी चोरी का है। इतना ही नहीं, आरोपियों ने 15 जून को ग्राम हलवाना में एक घर से मंगलसूत्र, एक जोड़ी पाजेब और दो हजार रुपये चोरी करने की बात भी कबूल की। उन्होंने बताया कि चोरी के जेवर राह चलते एक व्यक्ति को बेच दिए थे और रुपये आपस में बांटकर खर्च कर दिए। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर संबंधित मुकदमों में बीएनएस की अतिरिक्त धाराएं बढ़ा दी हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है, जबकि फरार आरोपी साबिर की तलाश में पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। तेजतर्रार थाना प्रभारी निरीक्षक वीरेन्द्र सिंह राणा ने बताया कि क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। अपराधी सावधान रहे किसी भी सूरत में बक्सा नहीं जाएगा कार स्वामी ने कार मिलने पर पुलिस की प्रशंसा की है आज सभी लोगों में चर्चा हो रही है कि थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह राणा का जलवा कायम है गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक विजयपाल सिंह, उपनिरीक्षक बबलू कुमार, हेड कांस्टेबल रोहित चौधरी, हेड कांस्टेबल लक्ष्मी प्रसाद तथा कांस्टेबल कुलदीप कुमार शामिल रहे।
