ब्रेकिंग न्यूज
सहारनपुर में एंटी नारकोटिक्स सेल का गठन, मादक पदार्थों की तस्करी पर कसेगा शिकंजा


सहारनपुर। जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के लिए पुलिस ने विशेष अभियान को और मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, सहारनपुर द्वारा जनपद स्तर पर एंटी नारकोटिक्स सेल का गठन करते हुए तीन पुलिसकर्मियों की नियुक्ति की गई है।
जारी आदेश के अनुसार निरीक्षक संजीव कुमार को एंटी नारकोटिक्स सेल का प्रभारी बनाया गया है। वहीं उपनिरीक्षक अजब सिंह और हेड कांस्टेबल उदित मलिक को सेल में नियुक्त किया गया है। सेल का संचालन एवं अभिलेखों का रखरखाव जिला अपराध अभिलेख ब्यूरो (डीसीआरबी) कार्यालय से किया जाएगा।
एंटी नारकोटिक्स सेल को जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध बिक्री करने वाले व्यक्तियों तथा संगठित गिरोहों के खिलाफ नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है।
सेल का पर्यवेक्षण पुलिस अधीक्षक नगर, सहारनपुर द्वारा किया जाएगा। आदेश में संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
यह कार्रवाई जिले में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने और मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल नेटवर्क के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
रिपोर्ट एम एम मलिक
